वाघा बार्डर पर धमाके के बाद भारतीय क्षेत्र में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। यह धमाका पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में वाघा बॉर्डर के पास रविवार शाम को हुआ। आत्मघाती विस्फोट में कम से कम 48 लोग मारे गए और 100 अन्य लोग घायल हो गए।
मरने वालों में सुरक्षाकर्मियों के साथ अधिकतर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। धमाके के बाद भारतीय क्षेत्र के अटारी में बीएसएफ के साथ ही सेना ने सुरक्षा की कमान संभाल ली है। बीएसएफ ने अटारी बार्डर के साथ-साथ वाघा बार्डर और रिट्रीट सेरेमनी के स्थान पर सुरक्षा ढांचा और मजबूत बना दिया है। वहीं, रिट्रीट सेरेमनी की तरफ जाने वाले रास्ते पर पंजाब पुलिस भी तैनात कर दी गई है।
बीएसएफ से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को जैसे ही रिट्रीट सेरेमनी खत्म हुई तो पाकिस्तान की तरफ पार्किंग स्थल से जोरदार धमाके की आवाज सुनी गई। पाकिस्तान की तरफ धमाके से वाहनों के परखच्चे उड़ गए।