चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय के एससी-एसटी शिक्षक व कर्मचारियों को आवासों में आरक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने फिर से ये मुद्दा उठाया है और पीयू से जल्द आवास आरक्षित करने की मांग की है।
बता दें कि पीयू में तीन से चार प्रकार के आवास हैं जो शिक्षकों के लिए बनाए गए हैं। इसी तरह कर्मचारियों के भी आवास बने हुए हैं। आरक्षित वर्ग के कुछ शिक्षकों का तर्क है कि वर्ष 2006 में यूजीसी ने आवासों में आरक्षण की व्यवस्था लागू करने की बात कही थी लेकिन पीयू में यह आदेश कहीं नजर नहीं आया। रूटीन प्रक्रिया के तहत ही आवास आवंटित किए जा रहे हैं। यही हाल कर्मचारियों के आवासों का है।
एससी-एसटी, बीसी वर्ग एसोसिएशन के प्रधान हरप्रीत सिंह का कहना है कि आरक्षण का लाभ आवासों में भी मिलना चाहिए लेकिन अब तक यह व्यवस्था पीयू लागू नहीं कर रही है। पहले भी उन्होंने यह मुद्दा उठाया था। कहा कि रोस्टर के साथ-साथ इस मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। पहले रोस्टर लागू करवाएंगे और फिर आवासों में आरक्षण का लाभ कर्मियों को दिलवाएंगे। उनका संघर्ष जारी रहेगा। एससी-एसटी सेल समन्वयक प्रो. अनिल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी।