अटारी-वाघा बॉर्डर पर बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन।
- फोटो : एएनआई
देश आज अपना 75वां स्वतंत्रता दिवस बेहद धूमधाम से मना रहा है। भारत-पाक सीमा पर स्थित अटारी बॉर्डर भी इस ऐतिहासिक पल का गवाह बना। कोरोना गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए यहां बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस दौरान भारत-पाक सीमा हिंदुस्तान जिंदाबाद और वंदेमातरम के नारों से गूंज उठी। जोश और उत्साह से लबरेज सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों की कदमताल से वहां पर मौजूद लोगों में जोश का संचार हुआ। बीएसएफ जवानों ने पाकिस्तानी रेंजर्स के सामने अपने शौर्य का प्रदर्शन किया।
देशभक्ति और जोश से भरे इस प्रदर्शन को देख हर कोई हिंदुस्तान जिंदाबाद और भारत माता के जयकारे लगाने लगा। बीएसएफ जवानों ने अपने शौर्य भरी कदमताल से पाकिस्तानी रेंजरों को जमकर ललकारा। पाक रेंजरों के सामने वीर जांबाजों का प्रदर्शन देख सभी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। गुरुग्राम से आईं श्वेता कहती हैं कि बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी देखना रोमांचक पल था। इस इलाके का माहौल बिल्कुल अलग है।
1959 में शुरू हुई थी बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी
बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी की शुरूआत 1959 में हुई थी और भारतीय सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) इसे आयोजित करता है। बता दें कि आधिकारिक तौर पर बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी का उद्देश्य औपचारिक तौर पर भारत की सीमा रात के लिए बंद करना है। सुबह राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान के साथ फहराया जाता है और सूर्यास्त से पहले सम्मान के साथ नीचे उतर लिया जाता है। इस दौरान हमारे जवान अपने हाव-भाव से पाक रेंजरों को ललकारते हैं। ऐसे में अटारी बॉर्डर पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग जाता है। मार्च के दौरान दोनों देशों के जवान अपने पैरों को सिर के ऊपर तक उठाते हैं।
बीएसएफ जवानों और पाकिस्तानी रेंजर्स ने एक-दूसरे को भेंट की मिठाई
सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पाकिस्तानी रेंजर्स को मिठाई भेंट की। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुबह करीब 10:55 बजे भारत-पाक सीमा स्थित ज्वाइंट पोस्ट अटारी जीरो लाइन पर दोनों देशों के सुरक्षा बलों के अधिकारियों के बीच करीब 25 मिनट का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बीएसएफ के कमांडेंट जसबीर सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस सद्भावना कार्यक्रम के दौरान बीएसएफ अधिकारियों ने पाक रेंजर्स को मिठाई भेंट की। पाक रेंजर्स के अधिकारियों ने खुशी-खुशी मिठाई स्वीकार की और बीएसएफ को भारत की 75वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इससे पहले पाक रेंजर्स ने पाकिस्तान के 75वें आजादी दिवस पर अटारी सीमा पर तैनात बीएसएफ के अधिकारियों और जवानों को मिठाई भेंट की थी और बीएसएफ के कमांडेंट ने अपने समकक्ष पाक रेंजर्स के अधिकारी को मुबारकबाद के साथ मिठाई भेंट की थी।