एटीएम तोड़ने व अन्य वारदातों की रोकथाम के लिए पंजाब नेशनल बैंक की ओर से ई-सर्विलांस सिस्टम लाया जा रहा है।
सिस्टम की शुरूआत जल्दी ही पंजाब से की जाएगी। पंजाब नेशनल बैंक के पंजाब क्षेत्र के जनरल मैनेजर हरपाल सिंह ने यह जानकारी शुक्रवार को दी।
वह गांव सोलखिया में राष्ट्रीय मार्ग पर बैंक द्धारा स्थापित किए एटीएम कैबिन का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे हुए थे। उन्होंने कहा कि नए सिस्टम के माध्यम से राज्य के प्रत्येक एटीएम कैबिन पर दिन रात नजर रहेगी।
उन्होंने कहा कि ई-सर्विलांस सिस्टम के साथ राज्य के प्रत्येक एटीएम पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखेगी।
उन्होंने कहा कि इस सिस्टम की तकनीक एटीएम में होने वाली किसी भी प्रकार की छेडछाड संबंधी तुरंत बैंक अधिकारियों को मोबाइल पर एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से सूचना मिलेगी।
इसके अतिरिक्त जरूरत पड़ने पर यह सिस्टम एटीएम आने वाले लोगों की आडियो और वीडियो करवरेज भी उपलब्ध करवाएगा। इस अवसर पर अन्य अधिकारियों ने बैंक की सुविधाओ के बारे में जानकारी दी।