हरियाणा में शुक्रवार से लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने का काम शुरू हो गया है। पहले दिन सिर्फ फरीदाबाद लोकसभा सीट से दो उम्मीदवारों ने नामांकन भरे।
नामांकन पत्र 16 और 17 मार्च को छुट्टी होने के कारण नहीं भरे जाएंगे। परचे दाखिल करने की अंतिम तारीख 22 मार्च है।
मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीकांत वाल्गद ने बताया कि शुक्रवार को फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से आरक्षण विरोधी मोर्चा पार्टी के तौर पर दीपक गौड़ ने नामांकन पत्र भरा है।
इसी सीट से संजय मौर्य ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर परचा भरा है। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र 18 मार्च से 22 मार्च तक सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक ही दाखिल किए जा सकेंगे।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि हरियाणा में 3043 मतदान केंद्र अति संवेदनशील और 2976 संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
अति संवेदनशील बूथों में अंबाला लोकसभा के 183, कुरुक्षेत्र के 419, सिरसा के 236, हिसार के 297, करनाल के 338, सोनीपत के 241, रोहतक के 319, भिवानी-महेंद्रगढ़ के 391, गुड़गांव के 291 और फरीदाबाद के 328 शामिल हैं। संवेदनशील बूथों में अंबाला के 247, कुरुक्षेत्र के 206, सिरसा के 247, हिसार के 335, करनाल के 319, सोनीपत के 186, रोहतक के 294, भिवानी-महेंद्रगढ़ के 242, गुड़गांव के 483 और फरीदाबाद के 417 शामिल हैं।