आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पंजाब में सियासी दौरे जारी हैं। वह 20 नवंबर को मोगा आ रहे हैं। उनके इस दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कयास ये लगाए जा रहे हैं कि मोगा दौरे के दौरान केजरीवाल फिल्म अभिनेता सोनू सूद से मुलाकात करेंगे।
2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में सोनू सूद की बहन मालविका के आप में शामिल होने पर भी चर्चा कर सकते हैं। इन दिनों सोनू सूद अपने पैतृक जिला मोगा आए हुए हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी बहन के चुनाव लड़ने का सार्वजनिक एलान किया था। हालांकि उन्होंने यह साफ किया था कि मालविका किस पार्टी से चुनाव मैदान में उतरेंगी पर इस पर अभी फैसला किया जाना बाकी है। इससे पहले सोनू सूद ने मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी से भी मुलाकात की थी।
सोनू अलग-अलग पार्टियों के नेताओं के साथ मुलाकात कर रहे हैं। जिसके बाद वह तय करेंगे कि उनकी बहन किस राजनीतिक दल से चुनाव मैदान में उतरेंगी। अब जब केजरीवाल 20 नवंबर को पंजाब दौरे पर आ रहे हैं तो यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वह सोनू सूद से मोगा में मुलाकात करेंगे। इससे पहले सोनू सूद से उनकी मुलाकात दिल्ली में हुई थी। इस दौरान उन्होंने दिल्ली सरकार की काफी तारीफ भी की थी। आप के सूत्रों ने बताया कि अरविंद केजरीवाल के दौरे को लेकर सियासत न हो इसलिए अभी तक उनके कार्यक्रम को सार्वजनिक नहीं किया गया है। 20 से पहले उनके कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।