दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दो दिवसीय पंजाब के दौरे पर हैं। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में शिक्षा का बुरा हाल है, जिसमें बड़े सुधार की जरूरत है। हमारे इस मिशन में अध्यापक बड़ा रोल निभाएंगे। पंजाब के सरकारी स्कूलों में 24 लाख बच्चे पढ़ते हैं। इनका भविष्य अंधकार में है। बहुत से स्कूलों में अध्यापक तक नहीं हैं। सरकार ने इन स्कूलों पर पुताई करवाकर स्मार्ट स्कूल लिखवा दिया।
2015 में जब हमारी सरकार बनी थी, उस वक्त दिल्ली के सरकारी स्कूलों का यही हाल था। लोग सरकारी स्कूलों से नाम कटवा कर प्राइवेट स्कूलों में अपने बच्चों को भेजने लगे थे। लेकिन सात साल में हमारी सरकार ने यह तस्वीर बदली है। इतना शानदार काम हमारी सरकार ने किया है कि विदेश तक इसके चर्चे हैं। 99.7 प्रतिशत इस साल सरकारी स्कूलों के नतीजे आए हैं। प्राइवेट स्कूलों को दिल्ली के सरकारी स्कूलों ने पीछे छोड़ दिया है। ऐसे ही पंजाब में स्कूलों को ठीक करेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने पंजाब के पुनर्निर्माण का बीड़ा उठाया। जब तक बच्चों का भविष्य ठीक नहीं करेंगे तब तक पंजाब ठीक नहीं होगा। उन्होंने अध्यापक से अपनी इस मुहिम में शामिल होने की अपील की। केजरीवाल ने कहा कि हम पंजाब के अध्यापकों को विदेश में ट्रेनिंग दिलाएंगे। इस दौरान उन्होंने अध्यापकों को आठ गारंटी भी दी।
अध्यापकों को केजरीवाल की आठ गारंटी
- दिल्ली के स्कूलों में सुधार अध्यापकों ने किया। पंजाब में भी माहौल बदलेंगे। अध्यापकों को अच्छा माहौल देंगे। अध्यापकों के साथ मिलकर पंजाब में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति दिल्ली की तरह लेकर आएंगे
- सरकार बनने के बाद ठेके और आउटसोर्सिंग में काम करने वाले अध्यापकों को पक्का किया जाएगा
- स्थानांतरण नीति को बदलेंगे
- अध्यापकों से अध्यापन के अलावा कोई और काम नहीं करने दिया जाएगा
- आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही अध्यापकों के खाली पद भरे जाएंगे
- पंजाब के अध्यापकों को दिल्ली के तर्ज पर विदेश और प्रबंधन संस्थानों में ट्रेनिंग दिलाई जाएगी
- समय पर सभी अध्यापकों को प्रमोशन दिया जाएगा
- पंजाब के सभी अध्यापकों व उनके परिवार को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जाएगी