इंटेलिजेंस की रिपोर्ट के मुताबिक, पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन के बाद आतंकियों का अगला निशाना अंबाला एयरबेस हो सकता है। इंटेलिजेंस रिपोर्ट में पाकिस्तान से भारत में घुसपैठ करने वाले आतंकियों की संख्या बारह से ज्यादा बताई जा रही है।
इनमें से कुछ आतंकी एयरफोर्स स्टेशन पठानकोट में बड़े हमले की साजिश के तहत घुसे लेकिन बाकी कहां है, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
सेंट्रल इंटेलिजेंस ने हरियाणा, पंजाब और हिमाचल को अलर्ट किया है कि अभी कुछ आतंकियों के लापता होने की खबर है, इसलिए इन राज्यों में अति संवेदनशील छावनियों व अन्य इलाकों में पूरी तरह से अलर्ट रखा जाए।
उत्तर भारत का सबसे बड़ा एयरफोर्स स्टेशन और आर्मी बेस कैंप अंबाला में है। इसलिए यहां चौकसी बढ़ाने की जरूरत है।
अंबाला एयरबेस को चाक चौबंद करने में जुटी सेना
इंटेलिजेंस की इसी रिपोर्ट के चलते यहां अंबाला में आर्मी और एयरफोर्स अथॉरिटी व सिविल और रेलवे पुलिस के सीनियर अफसरों ने अपने-अपने इलाकों में बैठक कर सिक्योरिटी एसेसमेंट किया है। जिसके बाद आर्मी, एयरफोर्स, पुलिस व रेलवे पुलिस ने सिक्योरिटी बढ़ा दी है। खासकर आर्मी और एयरफोर्स क्षेत्र का सुरक्षा घेरा ज्यादा कड़ा कर दिया गया है।
दूसरी ओर, खुफिया एजेंसियां अंबाला सैन्य व वायुसैन्य के अफसरों को भी इस बात का अलर्ट दे चुकी हैं कि अंबाला भी आतंकियों के निशाने पर हो सकता है। इसी के चलते अंबाला में विभिन्न विभागों से सुरक्षा से जुड़े तमाम अफसर अंबाला की सुरक्षा को चाक चौबंद बनाने में जुट गए हैं।
फिलहाल अंबाला के सैन्य क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। उधर, चूंकि अंबाला पंजाब बार्डर से पूरी तरह से सटा हुआ है, इसलिए यहां पंजाब से आने वाले ट्रैफिक पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उधर, अंबाला रेलवे स्टेशन पर पंजाब व जम्मू से आने वाली ट्रेनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।