मान ने कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के कारण पंजाब के भीतर और बाहर दोनों तरफ चुनौतियां हैं, लेकिन वे ऐसी धमकियों के आगे न झुककर उनका बहादुरी से सामना करेंगे। उन्होंने कहा कि इन खूंखार अपराधियों के सुरक्षित पनाहगाह बने देशों को विश्व शांति के व्यापक हित में वापस भेज देना चाहिए। वहीं भारत सरकार को भी ऐसे खूंखार राष्ट्र-विरोधी अपराधियों को देश में वापस लाने और उन्हें देश के कानून के अनुसार दंडित करने के कदम उठाने चाहिए।
बता दें कि आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब में गैंगस्टरों से प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस में शामिल होने और शीर्ष नेताओं को गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने से रोकने को कहा था। पन्नू को केंद्र सरकार आतंकी घोषित कर चुकी है। वहीं उसके संगठन सिख फॉर जस्टिस पर साल 2020 में प्रतिबंध भी लग चुका है।
सिद्धू पर सीएम मान ने किया कटाक्ष
हाल ही में कर्ज के मुद्दे पर नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब सरकार को घेरा था। अब सीएम मान ने नवजोत सिंह सिद्धू पर कटाक्ष किया। उन्होंने पूर्व क्रिकेटर को 'भगोड़ा' करार दिया और कहा कि जब उन्हें बिजली मंत्री का प्रभार दिया गया तो वह अपना कर्तव्य निभाने से भाग गए।
मान ने कहा कि जब वह (सिद्धू) मंत्री थे तो उन्होंने कुछ नहीं किया और जब उन्हें बिजली विभाग दिया गया तो उन्होंने इसे नहीं लिया।सीएम मान ने कहा कि जब पंजाब सरकार ने एक निजी थर्मल पावर प्लांट खरीदकर उल्टी प्रवृत्ति शुरू की तो सिद्धू निराधार और भ्रामक बयान दे रहे हैं। सीएम मान ने कहा कि सिद्धू ने बड़े स्कूलों में पढ़ाई की है। कृपया पूरा डेटा लेकर आएं। कम ज्ञान होना बहुत खतरनाक है। उन्होंने कोई भी बयान देने से पहले तथ्यों को सत्यापित करने की सलाह सिद्धू को दी।
सभी 13 सीटें जीतेगी आप
एक अन्य सवाल के जवाब में सीएम मान ने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी आप सरकार के प्रदर्शन के कारण आगामी आम चुनाव में पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटें जीतेगी। प्रदेश में 13-0 से इतिहास रचा जाएगा।