चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल्स साइंसेज की ओर से बीफार्मा कोर्स के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बारहवीं कक्षा में फिजिक्स, कैमेस्ट्री, मैथ्स और बायोलॉजी के छात्र इस कोर्स के लिए आवेदन कर सकते हैं। कोर्स में दाखिला बारहवीं के अंकों और पीयू सीईटी-यूजी दोनों के अंकों के आधार पर मिलेगा। कोर्स के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 18 जून है।
विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार बीफार्मा कोर्स की वार्षिक फीस 16 हजार 575 रुपये हैं। वहीं अगर किसी छात्र को आर्थिक समस्या है तो विभाग की ओर से जसवंत सिंह गिल फार्मा स्कॉलरशिप दी जाती है। इसके तहत वार्षिक 48 हजार रुपये की राशि दी जाती है। इसके साथ ही किताबों में भी सहयोग किया जाता है। यूआईपीएस विभाग देश के बेहतरीन फार्मा इंस्टीट्यूट में शामिल है। दाखिला के लिए छात्र वेबसाइट https://cetug.puchd.ac.in/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। वहीं विभाग की वेबसाइट पर भी आवेदनकर्ताओं की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर और ई-मेल जारी किए गए हैं।