पंजाब में किसान आंदोलन के दौरान मृत किसानों को लेकर शिरोमणि अकाली दल और आम आदमी पार्टी के सुर एक हो गए हैं। दोनों दलों ने पंजाब सरकार से सूबे के मृत किसानों को यूपी की तर्ज पर 50-50 लाख रुपये देने की मांग की है। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के विधायक एवं प्रदेश किसान विंग के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां का कहना है कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सिर्फ किसानों को गुमराह कर रहे हैं।
संधवां ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मृतक किसानों के परिवारों को दी गई 50-50 लाख रुपये की आर्थिक मदद मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का अच्छा कदम है लेकिन चन्नी सरकार यह भी बताए कि पंजाब के किसानों के लिए क्या किया जा रहा है। किसान आंदोलन के दौरान सात सौ से अधिक किसान शहीद हुए हैं लेकिन चन्नी सरकार उनके लिए क्यों कुछ नहीं कर रही।
यह भी पढ़ें- रणजीत सिंह हत्याकांड: राम रहीम बेचैन, सजा से पहले वकील करेंगे मुलाकात, सुनारिया जेल के आसपास बढ़ी सतर्कता
आज भी पंजाब के किसान कर्जे में दबे हैं, जबकि 2017 में कांग्रेस ने किसान और मजदूरों का हर प्रकार का कर्ज माफ करने का वादा किया था। अभी तक किसानों को कर्ज से राहत नहीं मिली है। वहीं, दूसरी ओर शिरोमणि अकाली दल ने भी आप की तरह पंजाब में मृतक किसानों को 50-50 लाख रुपये देने की मांग उठाई है। शिअद प्रवक्ता चरणजीत सिंह बराड़ का कहना है कि पंजाब सरकार ने घोषणा की थी कि आंदोलन में मृत किसानों को सरकारी नौकरी दी जाएगी लेकिन अभी तक कुछ ही किसानों के परिवारों को नौकरी दी गई है।