एनएसी पार्किंग में सो रहे युवक पर गुरुवार की रात एक चालक ने कार चढ़ा दी। पुलिस ने घायल को गवर्नमेंट मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल (जीएमएसएच) सेक्टर-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के संभल जिले के गांव भूरे मघेल निवासी रामस्वरूप (23) के रूप में हुई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी राणा की हवेली निवासी सौरभ गुप्ता (36) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात 10.45 बजे राणा की हवेली मकान नंबर 1510 निवासी सौरभ गुप्ता विशाल डेयरी से कुछ सामान लेने गया था। सामान लेने के बाद एनएसी पार्किंग में सो रहे रामस्वरूप पर गाड़ी चढ़ा दी। उसे लहूलुहान देखकर सौरभ गुप्ता घबरा गया और मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- रणजीत सिंह हत्याकांड: राम रहीम बेचैन, सजा से पहले वकील करेंगे मुलाकात, सुनारिया जेल के आसपास बढ़ी सतर्कता
घटना की सूचना मिलते ही मनीमाजरा थाना प्रभारी नीरज सरना और उनकी टीम मौके पर पहुंची। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी।
परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और मृतक के बारे में ज्यादा जानकारी मिल सकेगी। पुलिस ने पार्किंग में लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया तो पता चला कि एक गाड़ी पार्किंग में सो रहे युवक को कुचल कर भाग रही है। इसके बाद गाड़ी नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपी सौरभ गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।