मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि आम आदमी पार्टी भगोड़ों व पंजाब विरोधी तत्वों का टोला है। पंजाब के लोगों को इनसे सचेत रहना चाहिए और इनकी पंजाब विरोधी चालों में नहीं आना चाहिए। बादल शुक्रवार को पटियाला के गांव टोहड़ा में स्वर्गीय पंथ रतन जत्थेदार गुरचरन सिंह टोहड़ा की 12वीं बरसी के मौके पर आयोजित प्रदेशस्तरीय समागम को संबोधित कर रहे थे।
आप के पास कोई ठोस एजेंडा नहीं
बादल ने कहा कि आप के पास पंजाब के विकास, यहां के लोगों के कल्याण के लिए कोई ठोस एजेंडा नहीं है। ये लोग तो राजनीतिक सत्ता का सुख भोगने के लिए मरे जा रहे हैं। सीएम ने लोगों को कहा कि राज्य में हो रहे सर्वपक्षीय विकास की गति को केवल अकाली-भाजपा सरकार बनाकर ही बरकरार रखा जा सकता है। पंजाब के दरियाई पानी को राज्य की जान बताते हुए बादल ने साफ किया कि पानी की एक बूंद भी बाहर नहीं जाने दी जाएगी। चाहे इसके लिए उन्हें व उनकी पार्टी को कोई भी कुर्बानी क्यों न देनी पड़े।
कांग्रेस पंजाब व पंथ की दुश्मन नंबर एक पार्टी
बादल ने कांग्रेस पार्टी को पंजाब व पंथ की दुश्मन नंबर एक पार्टी बताया। बादल ने कहा कि इस पार्टी ने पंजाब के साथ हमेशा द्रोह किया है। कांग्रेस ने पंजाब के दरियाई पानी छीन कर इसको बंजर बनाने की साजिश रची। पंजाबी बोलते इलाके राज्य से बाहर रखे और पंजाब की राजधानी के तौर पर बनाया गया शहर चंडीगढ़ भी पंजाब को नहीं देने दिया। वहीं दूसरी तरफ उनकी सरकार ने किसानों को मुफ्त बिजली-पानी देकर कुछ राहत देने का प्रयास किया है।
टोहड़ा बहुपक्षीय शख्सियत के मालिक थे
इससे पहले जत्थेदार टोहड़ा को श्रद्धांजलि भेंट करते हुए बादल ने कहा कि वह बहुपक्षीय शख्सियत के मालिक थे, जिन्होंने एक समय में ही राजनीतिक, धार्मिक, सामाजिक और शिक्षण क्षेत्र में लामिसाल योगदान डाला। पंजाब में अकाली दल की सरकारें बनाने में जत्थेदार टोहड़ा का सबसे बड़ा योगदान रहा है।
इस मौके पर जत्थेदार टोहड़ा की जिंदगी पर आधारित एक सोविनियर रिलीज किया गया। लोकसभा सदस्य प्रोफेसर प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने कहा कि जत्थेदार टोहड़ा की ओर से पंथ व राज्य की चड़दीकला के लिए किए काम मिसाल योग्य हैं और उनकी विचारधारा व सोच सभी के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत है। कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा, तोता सिंह ने भी इस मौके पर अपने विचार व्यक्त किए।