गांव रोंगला में महिलाओं के साथ मुलाकात करतीं जयइंद्र कौर।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के पटियाला जिले के गांव रोंगला में लोग नशे से परेशान हैं। मगर अब ग्रामीणों ने एक अनूठा कदम उठाया है। इसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। दरअसल, सर्वसम्मति से ग्राम पंचायत ने एक प्रस्ताव पारित किया है। इसमें यह प्रावधान है कि अगर गांव का कोई भी व्यक्ति नशीली दवाओं को बेचते या नशेड़ी की मदद करते पकड़ा गया तो उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया जाएगा।
भाजपा पंजाब महिला मोर्चा की अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की बेटी जयइंद्र कौर ने गुरुवार को पटियाला जिले के रोंगला गांव का दौरा किया और ग्रामीणों से बातचीत की। जयइंद्र कौर ने बताया कि इस दौरान गांव की सरपंच की अगुवाई में स्थानीय निवासियों ने उन्हें बताया कि वह गांव में बढ़ते नशे से परेशान हैं। खासतौर से बीते दो सालों से गांव में नशे का कारोबार बढ़ गया है। यहां के नौजवान भी नशे का शिकार हो रहे हैं। जयइंद्र कौर ने बताया कि इसके बाद अब ग्राम पंचायत ने यह प्रस्ताव पारित किया है।
जयइंद्र कौर ने बताया कि रोंगला गांव में बढ़ते नशे को लेकर उन्होंने पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा से भी मुलाकात की। ग्रामीणों ने एसएसपी से गांव में पुलिस गश्त सुनिश्चित करने और नशे के तस्करों को पकड़ने की मांग की। एसएसपी ने ग्रामीणों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है और कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब में बढ़ते नशे का मुद्दा सिर्फ एक राज्य का नहीं है, यह एक राष्ट्रीय मुद्दा बन गया है और भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार इसे लेकर बहुत गंभीर है।
जयइंद्र कौर के साथ सरपंच रानी, पूर्व मेयर संजीव शर्मा बिट्टू, पटियाला महिला मोर्चा की अध्यक्ष मनीषा उप्पल, मंडल अध्यक्ष गुरध्यान सिंह, गुरभजन सिंह, वीरेंद्र गुप्ता और गांव रोंगला की पूरी पंचायत मौजूद रहीं।