अंबाला में 15 जुलाई को होगा राज्य स्तरीय समारोह
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार उन माताओं को सम्मानित करने जा रही है, जो अपने नवजात शिशुओं और स्वयं की देखभाल करने में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। प्रदेशभर से ऐसी 444 महिलाओं को बेस्ट मदर अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए राज्य स्तरीय समारोह अंबाला में होगा। यह जानकारी प्रदेश के महिला एवं बाल विकास विभाग के मंत्री असीम गोयल ने दी। वे यहां अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि बेस्ट मदर अवॉर्ड के तहत ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान पर आने वाली महिला को चार हजार, द्वितीय स्थान पर तीन हजार और तृतीय स्थान पर आने वाली महिला को दो हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त अमनीत पी. कुमार, निदेशक मोनिका मलिक के अलावा विभागीय अन्य अधिकारी उपस्थित थे।