चंडीगढ़। पीजीआई चौक के पास शनिवार रात यातायात पुलिस के सिपाही की कमर पर नुकीला हथियार लगाकर आई-20 सवार बदमाश 20 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब सिपाही रविंदर पास में ही नाइट फूड स्ट्रीट से खाना लेने आया था। वारदात के बाद रविंदर ने बाइक से एक किलोमीटर तक कार का पीछा किया और नंबर नोट कर पुलिस को सूचना भी दे दी, लेकिन लुटेरे भागने में सफल हो गए। सेक्टर-11 थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। वारदात के समय सिपाही रविंदर सादे कपड़ों में थे।
वारदात शनिवार रात करीब साढ़े 12 बजे की है। पुलिस के मुताबिक, रविंदर की तैनाती सेक्टर-29 स्थित यातायात पुलिस में है। वह खुड्डा अलीशेर में किराए के मकान में रहते हैं। शनिवार देर रात वह अपनी बाइक से पीजीआई स्थित नाइट फूड स्ट्रीट पर खाना लेने आए थे। खाना लेने के बाद घर लौटने के दौरान वह पीजीआई चौक के किनारे बाइक लगाकर सिगरेट पीने लगे।
आरोप है कि तभी उनके पास एक कार आकर रुकी और उसमें से एक युवक नीचे उतरा। रविंदर कुछ समझ पाते उससे पहले युवक ने उनकी कमर पर कोई नुकीला हथियार लगा दिया और बोला कि जो कुछ है दे दो वरना जान से हाथ धो बैठोगे। इससे डरकर उन्होंने आरोपी को 20 हजार रुपये निकालकर दे दिए। इसके बाद युवक कार में बैठकर मटका चौक की तरफ फरार हो गया। इसके बाद सिपाही ने बाइक से कार का पीछा किया और उसका नंबर नोट कर पुलिस को सूचना दी लेकिन लुटेरे भाग निकले। जांच में पता चला है कि कार में दो लोग सवार थे।
चंडीगढ़ नंबर की कार में थे लुटेरे
पुलिस जांच में सामने आया कि लुटेरे जिस आई-20 कार में सवार थे, वो चंडीगढ़ में पंजीकृत है। जांच में यह भी सामने आया कि सिपाही ने 20 हजार रुपये मकान मालिक को किराया देने के लिए पास रखे थे। वहीं, पुलिस पीजीआई व आसपास के चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है। वहीं, एसपी सिटी केतन बंसल का कहना है कि कार मालिक की पहचान कर ली गई है। दोनाें पक्षों को थाने बुलाया गया है। सभी पहलुओं पर जांच चल रही है।