पंजाब में कोरोना से सोमवार को 24 घंटे में नौ जिलों में 20 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। 6656 नए संक्रमित मिले हैं। राज्य की संक्रमण दर 20.89 प्रतिशत दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा संक्रमित जालंधर में 1279 मिले हैं। अब तक सूबे में 16790 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। सूबे में अब तक 17270753 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं, जिनमें 670460 लोगों की रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
चिंताजनक बात यह है कि सक्रिय मामलों की संख्या 43429 पहुंच गई है। 698 संक्रमितों को सांस लेने में परेशानी होने पर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। 41 की हालत गंभीर होने पर जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। 24 घंटे में हुई कुल 20 मौतों में पटियाला में 4, बठिंडा में 3, अमृतसर, होशियारपुर, जालंधर, लुधियाना, मोगा और मोहाली में 2-2, पठानकोट में 1 शामिल हैं।
मोहाली में दो लाख 20 हजार लोगों ने समय पर नहीं लगवाया दूसरा टीका
मोहाली में कोरोना टीकाकरण ने रफ्तार पकड़ ली है लेकिन अभी तक 2 लाख 20 हजार लोगों ने तय समय में दूसरा टीका नहीं लगवाया है। यह बात स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में सामने आई है। सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने खुद इसकी पुष्टि करते हुए लोगों से अपील की है कि वह पहल के आधार पर दूसरा टीका लगवाएं।
अगर पहला टीका लगवाने के बाद दूसरा टीका सही समय से नहीं लगेगा तो पहले वाले का असर भी खत्म हो जाएगा। ऐसे में महामारी से मुकाबला करने में दिक्कत आएगी। जिला स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक जिले में 16 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण हो चुका है। इनमें 6 लाख से अधिक लोगों को दोनों टीके लग चुके हैं। सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गिरीश डोगरा ने कहा कि 60 साल से ऊपर के 2257 लोगों को अभी तक बूस्टर डोज लगी है। इसके अलावा 15 से 18 साल के कुल 14,645 किशोरों का टीकाकरण हुआ है।