गुरदासपुर के उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल और एसएसपी हरीश दयामा सहित अन्य अधिकारी मकौड़ा पत्तन पर पहुंच कर जल स्तर बढ़ने से पैदा हुई स्थिति का जायजा ले रहे हैं। डिप्टी कमिश्नर गुरदासपुर ने बताया कि उझ नदी में पानी छोड़ा गया है। इसलिए उझ और रावी नदियों के आसपास रहने वाले निवासियों को सावधान किया गया है। उन्हें नदी से दूर रहने और अपने जानवरों को भी सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की सलाह है।
स्कूलों में की छुट्टियां
दरियाओं में बढ़े पानी के जलस्तर को देखते हुए डीसी ने स्कूलों में छुट्टियां करने के आदेश जारी कर दिए हैं। बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर रावी दरिया के पार बल्ज एरिया (डेरा बाबा नानक सब डिवीजन और मकौड़ा पत्तन से पार) स्कूलों में स्थिति ठीक होने तक छुट्टियां कर दी गई है।
5000 क्यूसेक पानी रावी नदी में छोड़ा
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण रणजीत सागर डैम में खतरे के निशान से तीन मीटर नीचे 524.50 मीटर तक जलस्तर पहुंच गया है। डैम में खतरे का निशान 527.91 तक है। चीफ इंजीनियर ने बताया कि डैम में बुधवार दोपहर बाद पांच हजार क्यूसेक पानी रावी नदी में छोड़ा गया है। अगर हालात बिगडते हैं तो और पानी छोड़ने की संभावना है।