मानव अंगों की तस्करी करने वालों पर कसेगा शिकंजा
हरियाणा में मानव अंगों की तस्करी करने वालों की अब खैर नहीं है। सरकार ने कड़ी कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार के कानून को लागू करने का फैसला लिया है। बुधवार को इस पर सदन में सरकारी प्रस्ताव पारित किया गया। अधिूसचना जारी होने के बाद दंड व जुर्माने के कड़े प्रावधान लागू होंगे। शहरी निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने सरकारी संकल्प सदन में पेश किया। जिसे स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने पढ़कर सुनाया और पारित करने के लिए सदन की सहमति मांगी।
कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि यह प्रस्ताव स्वागत योग्य है। मानव अंगों की तस्करी की बहुत सी शिकायतें आती हैं। कोरोना के दौरान मृतकों के मानव अंग निकालकर बेचने के भी आरोप लगे। भविष्य में इस तरह के आरोपों पर केंद्र सरकार के कानून के जरिये कड़ी कार्रवाई की जा सकेगी। इसके साथ ही शोध कार्यों के लिए भी मानव अंगों का उपयोग हो सकेगा।
कमल गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार ने चिकित्सा उद्देश्य से मानव अंगों को निकालने, उनके भंडारण, प्रत्यारोपण के अलावा मानव अंगों की तस्करी रोकने के लिए मानव अंग प्रतिरोपण संशोधन विधेयक 2011 का केंद्रीय अधिनियम 16, अधिनियमित किया है। यह पूरे देश में लागू होना है। इसलिए संविधान के अनुच्छेद 252 के खंड एक के तहत सरकारी प्रस्ताव लाकर इससे अपनाना जरूरी है। इसके लागू होने पर प्रदेश में मानव अंगों की तस्करी का मामला या शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
भीषण गर्मी से पहले बाढड़ा में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित हो: नैना चौटाला
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की मां और बाढड़ा से जजपा की विधायक नैना चौटाला ने बुधवार को विधानसभा में पेयजल किल्लत का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी मौसम से पहले बाढड़ा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि ग्रामीणों को पेयजल किल्लत का सामना ना करना पड़े।
पानी की किल्लत होने के बावजूद बाढड़ा हलके में जलापूर्ति करने वाली महत्वपूर्ण नहर बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी में पानी आने का अंतराल 7 के बजाय 15 दिन कर दिया गया है। विभाग के इस फैसले का वह कड़ा विरोध करती हैं। दोबारा 7 दिन के अंतराल पर पानी छोड़ा जाए। यह विधानसभा क्षेत्र पूर्णतया रेतीला क्षेत्र है और यहां भूमिगत जल स्तर भी बहुत नीचे है। यह पानी सेहत के लिए भी बहुत खतरनाक है।
5.56 करोड़ रुपये से खत्म होगी झोझु कलां की पेयजल किल्लत
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि झोझु कलां की पेयजल किल्लत दूर करने के लिए 5 करोड़ 56 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार करवाया है। इसके अलावा गांव बधवाना व जावा में भी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे। जल्द ही आवश्यक बजट स्वीकृत कर दिया जाएगा।