राज्य पुलिस में कांस्टेबल की भर्ती की अंतिम प्रक्रिया रविवार को होगी। 40 हजार से अधिक उम्मीदवार पुलिस भर्ती में कांस्टेबल के पद पर तैनात होने के लिए लिखित परीक्षा देंगे। इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पहली बार परीक्षा पर सीसीटीवी की नजर रहेगी और परीक्षा का परिणाम भी कंप्यूटर के जरिए निकलेगा। भर्ती में किसी प्रकार का कोई घोटाला न हो, इसके लिए पूरी प्रक्रियाएं कंप्यूटराइज्ड की गई है। हर जिले में जिला एसएसपी को परीक्षा का कंट्रोलर बनाया गया है।
भर्ती बोर्ड के चेयरमैन एडीजीपी एलके मोहांती का कहना है कि 40 हजार से अधिक उम्मीदवार लिखित परीक्षा में बैठेंगे। परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी, जिसमें 100 सवाल होंगे। दोपहर 12 बजे से दोपहर दो बजे तक परीक्षा होगी। इसके लिए पूरी रियासत में 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
इन केंद्रों पर एक हजार के करीब पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की नजर रहेगी। करीब एक हजार कमरों में यह परीक्षा होगी। हर एक कमरे पर डीएसपी स्तर के अधिकारी की नजर रहेगी। हर एक कैमरा सीसीटीवी की नजर में रहेगा।
परीक्षा केंद्रों के बाहर फ्लाइंग रहेगी। मोहांती का कहना है कि परीक्षा होने के बाद समय दिया जाएगा, यदि किसी को आपत्ति होगी। इसके बाद मजिस्ट्रेट के सामने सबकुछ होगा। मेरिट के आधार पर सलेक्शन होगी।