कॉलेजों को अब तक यह पता नहीं है कि रूसा डिग्री कोर्सों में विद्यार्थियों को कब से प्रवेश मिलेगा।
नए शैक्षणिक सत्र में दाखिले की तारीख पर राज्य के तमाम डिग्री कॉलेज असमंजस में हैं। कॉलेजों को अब तक यह पता नहीं है कि रूसा डिग्री कोर्सों में विद्यार्थियों को कब से प्रवेश मिलेगा। सेमेस्टर पेपरों का तय शेड्यूल आगे खिसकना भी नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में देरी का कारण माना जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि पहले रूसा में सेमेस्टर पेपर एक जून तक हो रहे थे, लेकिन इन पेपरों के मध्य ही कुछेक बदलाव होने के चलते, अब छह जून को रूसा का अंतिम पेपर होगा। इसके अलावा पूर्व निर्धारित शेडयूल में पहली जून से कॉलेजों में लगभग 20 दिन की छुट्टियां तय की गई थीं, मगर अब रूसा सेमेस्टर परीक्षाओं की बढ़ी हुई तिथियों के चलते कॉलेजों में छुट्टियों का बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है।
उधर, कॉलेज प्राचायों का कहना है कि नए शैक्षणिक सत्र को लेकर एचपीयू ने खाका तैयार कर सरकार को भेज दिया है। अब उच्च शिक्षा निदेशक विभाग और सचिव स्तर पर मंजूरी मिलने का इंतजार किया जा रहा है। धर्मशाला कॉलेज के प्राचार्य एसके पाठक का कहना है कि सरकार की ओर से निर्णय आने पर ही कॉलेज प्रोस्पेक्टस जारी किया जाएगा।
इसके अलावा राज्य भर में बीवोक यानी बैचलर ऑफ वोकेशनल एजूकेशन कोर्स एचपीयू के 16 कॉलेजों में पढ़ाए जाएंगे। ये कोर्स नए सत्र में पढ़ाएं जाएंगे अथवा नहीं, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। लिहाजा, यह भी नए सत्र की तिथियों के जारी होने की देरी का कारण माना जा रहा है।