घरेलू शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन हरे निशान पर क्लोजिंग हुई। इससे पहले एचडीएफसी बैंक, रिलायंस और एमएंडएम के शेयरों में मजबूती से बेंचमार्क इंडेक्स नए हाई पर पहुंचे। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 181.87 (0.23%) अंकों की बढ़त के साथ 76,992.77 पर बंद हुआ। दूसरी ओर, निफ्टी 66.70 (0.29%) अंक मजबूत होकर 23,465.60 के स्तर पर बंद हुआ।
सरकार की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार मई 2024 में देश का निर्यात पिछले साल के इसी महीने के आंकड़े 34.95 अरब डॉलर की तुनना में 9 प्रतिशत बढ़कर 38.13 अरब डॉलर का हो गया। मई महीने में देश के आयात में भी इजाफा हुआ। यह मई 2023 के 57.48 अरब डॉलर की तुलना में 7.7 प्रतिशत बढ़कर 61.91 अरब डॉलर हो गया। मई महीने में भारत का व्यापार घाटा 23.78 अरब डॉलर रहा। मूडीज रेंटिंग ने गुरुवार को कहा है कि भारत 2024 में एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना रहेगा। भारत पिछले वर्ष घरेलू स्तर संचालित अपनी गति को कायम रखेगा।
रुपया शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले एक सीमित दायरे में करोबार करता दिखा। हफ्ते के आखिरी करोबारी दिन रुपया 2 पैसे की गिरावट के साथ 83.56 रुपये पर बंद हुआ। घरेलू बाजार के सकारात्मक प्रदर्शन और क्रूड ऑयल की कीमतें कम होने से बाजार को सहारा मिला। हालांकि, अमेरिकी डॉलर में मजबूती और एफआईआई की बिकवाली के कारण रुपया हरे निशान पर बंद नहीं हो पाया। इससे पहले गुरुवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 6 पैसे की गिरावट के साथ 83.54 के स्तर पर बंद हुआ था। मुद्रा कारोबारियों के अनुसार फेडरल ओपन मार्केट कमिटी (एफओएमसी) की बैठक और फेड चेयरमैन की टिप्पणी के बाद रुपये में डॉलर की तुलना में लचीलापन दिखा।