भारतीय पूंजी बाजार के इतिहास में पेटीएम सबसे बड़ा आईपीओ (प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम) लेकर आ रही है। 18,300 करोड़ रुपये के इस आईपीओ की शुरुआत दीवाली के बाद होगी। खुदरा निवेशकों के लिए पेटीएम का आईपीओ आठ नवंबर को खुलेगा और 10 नवंबर को बंद होगा।
यह आईपीओ बीएसआई और एनएसआई में 18 नवंबर को सूचीबद्ध होगा। यानी 18 नवंबर से पहले-पहले निवेशकों को पता चल जाएगा कि वह सफल हुए या नहीं। पहले यह आईपीओ 16,600 करोड़ रुपये का था लेकिन पेटीएम ने इसे बढ़ाते हुए 18,300 करोड़ रुपये कर दिया है।
यह आईपीओ पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन-97 ले कर आ रही है। सूत्रों के अनुसार कंपनी के सबसे बड़े शेयरधारक चीन के अलीबाबा समूह की फर्म एंट फाइनेंशियल और सॉफ्टबैंक समेत अन्य वर्तमान निवेशकों ने पेटीएम में अपनी अधिक हिस्सेदारी को बेचने का फैसला किया है।
इससे पहले कंपनी की योजना आईपीओ से कुल 16,600 करोड़ रुपये जुटाने की थी। इसमें 8300 करोड़ रुपये का ताजा निर्गम और 8300 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल थी, जो मौजूदा शेयरधारकों द्वारा अधिक हिस्सेदारी बेचने से 10,000 करोड़ हो जाएगा।