बायजू ब्रांड की मालिक शिक्षा प्रौद्योगिकी फर्म थिंक एंड लर्न ने कर्मचारियों को जुलाई का वेतन नहीं दिया है। बायजू के संस्थापक एवं सीईओ बायजू रवींद्रन ने कहा, राष्ट्रीय कंपनी कानून अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट की अस्थायी रोक के कारण कंपनी अपने खातों तक पहुंचने में असमर्थ थी। इसलिए, कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया। दरअसल, एनसीएलएटी ने 2 अगस्त को बीसीसीआई के साथ बायजू के 158.9 करोड़ रुपये के बकाया निपटान को मंजूरी दी थी और उसके खिलाफ दिवालिया कार्यवाही को रोक दिया था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने 14 अगस्त को अमेरिका स्थित लेनदार ग्लास ट्रस्ट कंपनी एलएलसी की याचिका के आधार पर एनसीएलएटी के फैसले पर रोक लगा दी।
चालू सीजन में अब तक देश में खरीफ की सभी फसलों की बुवाई 10.31 करोड़ हेक्टेयर के पार पहुंच गई है। यह पिछले साल की समान अवधि के 10.10 करोड़ हेक्टेयर की तुलना में दो फीसदी अधिक है। इस दौरान धान का कुल रकबा छह फीसदी बढ़कर 3.79 करोड़ हेक्टेयर हो गया है जो एक साल पहले के 3.49 करोड़ हेक्टेयर के मुकाबले छह फीसदी अधिक है। सरकार की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, मानसून जून में आया है और सितंबर तक बुवाई होनी है। ऐसे में उपरोक्त आंकड़ों में बदलाव होगा। दालों का रकबा 1.20 करोड़ हेक्टेयर रहा है। एक साल पहले 1.13 करोड़ हेक्टेयर रहा था। अरहर की बुवाई 40.74 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 45.78 लाख हेक्टेयर रही है। उदड़ का रकबा मामूली घटकर 29.52 लाख हेक्टेयर रहा है।
मोटे अनाज और श्री अन्न (बाजरा) का रकबा पिछले साल की समान अवधि के 1.76 करोड़ हेक्टेयर से बढ़कर 1.81 करोड़ हेक्टेयर पर पहुंच गया है। मोटे अनाजों में मक्के का रकबा 81.25 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 87.23 लाख हेक्टेयर हो गया है। तिलहनों की बुवाई का रकबा मामूली बढ़कर 1.87 करोड़ हेक्टेयर हो गया है, जो एक साल पहले 1.85 लाख हेक्टेयर था।
नेशनल फाइनेंशियल रिपोर्टिंग अथॉरिटी ने कॉफी डे ऑडिटर बीएसआर एवं एसोसिएट्स सहित अरविंद माइया और अमित सोमानी पर 10.75 करोड़ का जुर्माना लगाया है। यह दंड 2018-19 में तमाम खामियों के कारण लगा है। इस दौरान कंपनी ने सात सब्सिडियरी के जरिये 3,535 करोड़ रुपये का गबन किया था। ऑडिटर पर 10 करोड़, अरविंद पर 50 लाख और अमित पर 25 लाख का जुर्माना लगा है। अरविंद और अमित को 10 एवं 5 साल तक ऑडिट करने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।