अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) ने गुरुवार को 800 करोड़ रुपये तक जुटाने के लिए अपने पहले सुरक्षित गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) यानी सर्वजनिक बॉन्ड जारी करने की घोषणा की है। कंपनी ने एनसीडी को लॉन्च करते हुए घोषणा की है कि यह इश्यू 4 सितंबर को खुलेगा और 17 सितंबर को बंद होगा। इसमें जल्दी बंद करने या विस्तार का विकल्प होगा। जारी किए जाने वाले प्रस्तावित एनसीडी को केयर रेटिंग्स लिमिटेड की ओर से "केयर ए+; पॉजिटिव" रेटिंग दी गई है।
अदाणी समूह के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) जुगेशिंदर रोबी सिंह ने इसकी लॉन्चिंग के बारे में बताते हुए कहा कि इस तरह की रेटिंग वाली प्रतिभूतियों को वित्तीय दायित्वों के मामले में पर्याप्त सुरक्षित माना जाता है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि बेस साइज इश्यू 400 करोड़ रुपये का है, जिसमें अतिरिक्त 400 करोड़ रुपये (ग्रीनशू ऑप्शन) तक ओवर-सब्सक्रिप्शन बनाए रखने का विकल्प है। इस तरह यह कुल मिलाकर 800 करोड़ रुपये का ("इश्यू" या "इश्यू साइज") है।
एनसीडी के लिए प्रत्येक आवेदन का न्यूनतम आकार सामूहिक रूप से सभी शृंखलाओं में 10,000 रुपये और उसके बाद 1,000 रुपये के गुणकों में होगा। कंपनी ने घोषणा की है कि इस इश्यू से प्राप्त आय का उपयोग मुख्य रूप से हमारी कंपनी की ओर से लिए गए मौजूदा ऋण (कम से कम 75 प्रतिशत) के पूर्व भुगतान या पुनर्भुगतान, पूर्ण या आंशिक रूप से और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों (25 प्रतिशत तक) के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड के नियमों के अनुपालन में किया जाएगा।
कंपनी ने कहा कि ट्रस्ट इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड, एके कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड और नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट लिमिटेड इस इश्यू के प्रमुख प्रबंधक हैं। उन्होंने कहा कि एनसीडी 24 महीने, 36 महीने और 60 महीने की अवधि में उपलब्ध हैं। ये आठ शृंखलाओं में त्रैमासिक, संचयी और वार्षिक ब्याज भुगतान के विकल्प के रूप में उपलब्ध हैं।