पिछले दो हफ्तों से बिकवाली का दबाव झेल रहे भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को राहत दिखी। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक हरे निशान पर बंद हुए। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 591.69 अंक उछलकर 81,973.05 पर बंद हुआ। दूसरी ओर, एनएसई निफ्टी 163.70 अंक मजबूत होकर 25,127.95 पर पहुंच गया।
सेक्टर-वार, बाजार ने मिश्रित प्रदर्शन किया। मीडिया इंडेक्स सबसे ज्यादा 1.31 फीसदी गिरा, जबकि रियल्टी, आईटी और बैंकिंग जैसे सेक्टरों में क्रमशः 1.24 फीसदी, 1.20 फीसदी और 1.12 फीसदी की तेजी आई। वित्तीय सेवा क्षेत्र में भी 0.97 प्रतिशत की ठोस वृद्धि दर्ज की गई।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "वैश्विक बाजार मिश्रित संकेत दिखा रहे हैं क्योंकि चीन के डिफ्लेशन और कमजोर आर्थिक आंकड़ों से वैश्विक आर्थिक विकास में संभावित मंदी के संकेत मिलते है। बाजार पर वैश्विक स्तर पर जारी भू-राजनीतिक तनावों का असर पहले से है। इसके अलावा, चीन की ओर से निवेशकों को आकर्षित करने के लिए घोषित प्रोत्साहन पैकेज का सकारात्मक प्रभाव अब कम होता दिख रहा है।"
भारतीय बाजार में लचीलापन दिख रहा है, दूसरी तिमाही में कंपनियों की आय की उम्मीदें कम होने और तेल की कीमतों में गिरावट के कारण ऐसा है। हाल ही में हुए सुधारों के बाद आईटी और वित्तीय क्षेत्र खरीदारी को आकर्षित कर रहे हैं। कच्चे तेल की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट देखी गई। ब्रेंट फ्यूचर्स 78.07 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। इस दौरान, वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बावजूद, घरेलू बाजार खरीदारी दिखी।