राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को सोने और चांदी की कीमत में गिरावट आई। आज सोने में 491 रुपये की गिरावट आई और इसकी कीमत 45,735 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, पिछले सत्र में सोने का दाम 46,226 रुपये प्रति 10 ग्राम था। अंतरराष्ट्रीय कीमत से सोना प्रभावित हुआ और साथ ही डॉलर के मुकाबले रुपये में आई बढ़त से यह सस्ता हुआ।
चांदी की कीमत में गिरावट
चांदी की बात करें, तो इस दौरान चांदी में 724 रुपये की गिरावट आई और इसकी कीमत 61,541 रुपये प्रति किलो हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 62,265 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का दाम 1,786 डॉलर प्रति औंस पर रहा जबकि चांदी का दाम 23.60 डॉलर प्रति औंस पर रहा।
अप्रैल-जुलाई में आभूषण निर्यात बढ़कर 12.5 अरब डॉलर पर पहुंचा
अप्रैल से जुलाई 2021 के दौरान देश का रत्न एवं आभूषण निर्यात 6.04 फीसदी बढ़ा और 12.55 अरब डॉलर पर पहुंच गया। 2019-20 की समान अवधि में यह आंकड़ा 11.8 अरब डॉलर था। अमेरिका, चीन और हांगकांग जैसे प्रमुख निर्यात गंतव्य वाले बाजारों में निरंतर होने वाले सुधार से निर्यात में तेजी आई है। जीजेईपीसी ने बताया कि जुलाई में देश का निर्यात 18 फीसदी बढ़कर 3.36 अरब डॉलर रहा। वहीं पिछले साल की समान अवधि में यह 3.87 अरब डॉलर रहा था। सोने के आभूषणों का निर्यात 38.5 फीसदी कम होकर 2.41 अरब डॉलर रह गया। चांदी के आभूषणों का निर्यात बढ़कर 84.3 करोड़ डॉलर रहा।
स्वर्ण ईटीएफ सोने की कीमत पर आधारित होते हैं और उसके दाम में आने वाली घट-बढ़ पर ही इसका दाम भी घटता बढ़ता है। मालूम हो कि ईटीएफ का प्रवाह सोने में कमजोर निवेशक रुचि को दर्शाता है। एक मजबूत डॉलर अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोने को अधिक महंगा बनाता है।