बुधवार को सोने-चांदी की कीमतों में नया उछाल देखने को मिला और यह अब तक के अपने सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। दिल्ली सराफा बाजार में सोने का भाव 38820 के नए स्तर पर पहुंच गया। वहीं चांदी भी 45 हजार रुपये के पार चली गई। ज्वैलर्स की तरफ से मांग बढ़ने के कारण ऐसा देखने को मिल रहा है। हालांकि वैश्विक बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली।
दिल्ली सराफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड 50 रुपये की बढ़त में 38,820 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुँच गया जो अब तक का रिकॉर्ड स्तर है। सोना बिटुर भी इतनी की बढ़त में 38,650 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 28,800 रुपये के भाव पर स्थिर रही।
चांदी हाजिर में 30 रुपये की मामूली बढ़त दर्ज की गयी और यह 45,040 रुपये प्रति किलोग्राम बिकी। भविष्य में कीमतों में तेजी की उम्मीद में चांदी वायदा 210 रुपये चमककर 43,630 रुपये प्रति किलोग्राम बोली गयी। सिक्का लिवाली और बिकवाली दो-दो हजार रुपये की छलांग लगाकर क्रमश: 91 हजार और 92 हजार रुपये सैकड़ा के भाव बिका।
स्थानीय बाजार के उलट विदेशों में सोने-चांदी पर दबाव रहा। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 8.20 डॉलर टूटकर 1,498.50 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा भी 7.10 डॉलर की गिरावट में 1,508.60 डॉलर प्रति औंस बोला गया।