फेड रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती के बाद शेयर बाजार सदमे में आ गया है। सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार को दिनभर के कारोबार के बाद को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 462.80 अंकों की गिरावट के बाद 37018.32 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 138 अंकों की गिरावट के बाद 10980 के स्तर पर बंद हुआ।
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो दिनभर के कारोबार के बाद वेदांता, जेएसडब्ल्यू स्टील, भारतीय स्टेट बैंक और टाटा मोटर्स के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। वहीं बढ़त वाले दिग्गज शेयरों की बात करें तो इनमें विप्रो, मारुति सुजुकी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावर ग्रिड कॉर्प और भारती इंफ्राटोल के शेयर शामिल हैं।
दरअसल अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने साल 2008 की मंदी के बाद पहली बार ब्याज दरें घटाई हैं। रिजर्व ने बेंचमार्क दरों में करीब चौथाई फीसदी की कटौती की है। इस घोषणा से अमेरिकी बाजार में भारी गिरावट आई। इससे भारतीय शेयर बाजार भी सदमे में आ गया है। फेडरल ने एक बयान में कहा कि आर्थिक दृष्टिकोण के साथ-साथ मौन मुद्रास्फीति के दबावों के लिए वैश्विक विकास को देखते हुए दरों में कटौती करने का फैसला किया गया है।
फेड रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में की गई कटौती के चलते गुरुवार को शेयर बाजार में खुलते ही भारी गिरावट आई। दोपहर 3:05 बजे सेंसेक्स 618.86 अंक यानी 1.65 फीसदी की गिरावट के साथ 36862.26 के स्तर पर पहुंच गया था। वहीं निफ्टी की बात करें, तो 154.60 अंक यानी 1.68 फीसदी की गिरावट के बाद निफ्टी 10930.80 के स्तर पर पहुंच गया था। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 212.12 अंकों की गिरावट के साथ 37269 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी की बात करें, तो 63.40 अंकों की गिरावट के बाद निफ्टी 11054.60 के स्तर पर खुला था।
बुधवार को दिनभर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 83.88 अंकों की बढ़त के बाद 37481.12 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 28.40 अंकों की बढ़त के बाद 11113.80 के स्तर पर बंद हुआ था।
कमजोर वैश्विक रुख के साथ सटोरियों की मुनाफावसूली के बीच गुरुवार को वायदा कारोबार में सोने का भाव 0.52 फीसदी गिरकर 34,336 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया।
कमजोर वैश्विक रुख और प्रतिभागियों की मुनाफावसूली के बीच गुरुवार को वायदा कारोबार में चांदी 1.65 फीसदी गिरकर 40,548 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।