राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव पहले ही पत्नी एश्वर्या राय से तलाक को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। उनके पिता से लेकर मां राबड़ी देवी तक उन्हें समझा बुझा कर देख चुके हैं लेकिन तेज प्रताप ने पूरा मन बना लिया है कि अब वह तलाक लेकर ही रहेंगे। बता दें कि हाल में ही चर्चा चली थी कि तेज प्रताप यादव तलाक की अर्जी वापस लेने के लिए मान गए हैं, लेकिन उन्होंने एक ट्वीट कर इस बात का इशारा किया है कि उनका मन इस रिश्ते को खत्म करने के पक्ष में ही है।
गुरुवार रात 10.35 बजे किया गया उनका एक ट्वीट तो इसी ओर इशारा करता है। तेज प्रताप ने रहीम दास के दोहे की एक पंक्ति लिखी - 'टूटे से फिर ना जुड़े, जुड़े गांठ परि जाए'। तेज प्रताप का यह ट्वीट यही बयां कर रहा है कि अपने तलाक लेने के निर्णय से वह पीछे हटने वाले नहीं हैं।
हाल ही में तेज प्रताप ने तलाक के लिए पटना की एक अदालत में अर्जी दाखिल की थी। इस मामले की सुनवाई 29 नवंबर को होनी है। तेज प्रताप अपना निर्णय बदलें इसे लेकर एश्वर्या की मां और तेज प्रताप की सास पूर्णिमा की दास ने तेज प्रताप की मां राबड़ी देवी से मुलाकात भी की थी।
मुलाकात के बाद वहां से निकलते वक्त उनको रोते हुए देखा गया था। इसके बाद राबड़ी देवी ने कहा था कि वह तेज प्रताप को मनाने दिल्ली जाएंगी। लंबे समय से तनाव पूर्ण माहौल में रह रहा यादव परिवार भले ही तेज प्रताप को मनाने की कोशिश में लगा हुआ हो, लेकिन तेज प्रताप के तेवर देख कर नहीं लगता कि वह अपना फैसला वापस लेने वाले हैं।