बूथ पर मतदाता का इंतजार करते कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
नवादा लोकसभा क्षेत्र सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई। वोटिंग शुरू होने से पहले ही सुबह से ही मतदाता कतार में लग गए। नवादा के रजौली के सवैया ताड़ पंचायत स्थित उर्दू मध्य विद्यालय सिमरातरी के बूथ संख्या 337 के ईवीएम में तकनीकी खराब आ गई। इस वजह से मतदान बाधित हुआ था। वहीं रजौली के गढ़ दिबौर के पंचायत भवन पूर्वी भाग बूथ संख्या 323 का ईवीएम खराब होने की वजह से मतदान शुरू नहीं हो पाया। वहीं नवादा के बूथ नंबर 88 पर ईवीएम में तकनीकी खराबी की वजह से वोटिंग शुरू नहीं हुई है, जिसके बाद उसे ठीक करने और बदलने का प्रयास किया जा रहा है। सुबह में पहले 2 घंटे में 7.5 % फीसदी मतदान, रजौली में सबसे तेज और वारिसलीगंज में सबसे स्लो वोटिंग हुई हैं।
लोगों ने किया वोट का बहिष्कार
कौवाकोल में सुबह 11:00 बजे तक मात्र 10 फ़ीसदी मतदान हुआ। वहीं दनियां के बूथ संख्या 328 को पचंबा विद्यालय में शिफ्ट कर दिया। यहां वोटरों ने मतदान का बहिष्कार किया है। बूथ पर मौजूद पदाधिकारी ने बताया कि इस बूथ पर कुल 772 मतदाताओं को वोट करने हैं लेकिन 12 बजे तक एक भी मतदाता वोर डालने नहीं आये। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मतदाता अपने वोट का प्रयोग करें, अपने अधिकारों को समझें और अपने समर्थित उम्मीदवार को वोट डालें। वोट बहिष्कार की सूचना वरीय पदाधिकारियों को दी गई है।
20 लाख से ज्यादा वोटर्स
नवादा संसदीय क्षेत्र में कुल 20 लाख 10 हजार 286 वोटर्स के लिए कुल 1796 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। चुनाव आयोग की तरफ से इनमें 967 बूथ को क्रिटिकल माना गया है, जबकि 230 बूथों को नक्सल प्रभावित क्षेत्र में बनाया गया है। वहीं 599 बूथ सामान्य हैं।
कब तक होंगें मतदान
नक्सल प्रभावित इलाका होने के कारण रजौली और गोविंदपुर विधानसभा में 4 बजे तक ही मतदान होगा, जबकि बरबीघा, हिसुआ, नवादा और वारिसलीगंज में 7 बजे सुबह से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगा।
इन क्षेत्रों को किया गया है सील
वोटिंग के मद्देनजर नवादा से सटे झारखंड के कोडरमा, गिरिडीह के साथ बिहार के गया, नालंदा, जमुई और शेखपुरा के बॉर्डर को सील कर दिया गया है। वोटिंग के बाद सभी पोल्ड ईवीएम को नवादा के केएलएस कॉलेज में रखा जाएगा। इसका लाइव टेलीकास्ट भी कराया जाएगा।
भाजपा-राजद के बीच मुख्य मुकाबला
नवादा में भाजपा प्रत्याशी विवेक ठाकुर और राजद उम्मीदवार श्रवण कुशवाहा समेत कुल 8 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा। यहां मुख्य मुकाबला विवेक ठाकुर और श्रवण कुशवाहा के बीच है, लेकिन निर्दलीय प्रत्याशियों ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।