गोपालगंज जिले के भोरे थानाक्षेत्र के सिसई टोला बैकुंठपुर में दिनदहाड़े जमीन पर कब्जा करने को लेकर तीन दर्जन से ज्यादा लोगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के चार सदस्य जख्मी हो गए, जिनमें से दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। दिनदहाड़े जमीन पर कब्जा करने की इस घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वहीं, पीड़ितों का कहना है कि एक दिन पहले भी यह हमला हुआ था। उसे लेकर स्थानीय थाने को जानकारी दी गई थी। उसके बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, दूसरी तरफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, सिसई टोला बैकुंठपुर गांव निवासी रामकिशन चौहान ने जिस जमीन पर अपना मकान बना रखा है। उस जमीन को गांव का रामानंद चौहान अपनी बता कर उसपर कब्जा करना चाह रहा था। इसे लेकर पहले एक अक्तूबर को 30-40 लोगों के साथ जमीन पर कब्जा करने की नीयत से रामकिशन चौहान के परिवार पर हमला किया गया। लेकिन सभी लोगों ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। घटना को लेकर उक्त लोगों द्वारा स्थानीय थाने में लिखित आवेदन दिया गया। लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इधर, दो अक्तूबर को दिनदहाड़े एक बार फिर 30 से 40 आदमियों ने हथियार से लैस होकर रामकिशन चौहान के परिवार पर हमला बोल दिया। इस हमले में उनकी पिटाई से रामकिशन चौहान की पत्नी लालमति देवी, रमेश चौहान की पत्नी दुर्गावती देवी, बबलू चौहान और रमेश चौहान बुरी तरह जख्मी हो गए। इसमें से लालमति देवी और दुर्गावती देवी की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें गोपालगंज रेफर कर दिया गया है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। दूसरी तरफ जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने तत्काल ही मारपीट करने वाले दो लोगों को हिरासत में ले लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में पुलिस ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।