अस्पताल में इलाजरत घायल दुकानदार
- फोटो : अमर उजाला
गोपालगंज जिले के थावे थानाक्षेत्र के जगदीशपुर मोड़ पर सोमवार सुबह बाइक सवार अपराधियों ने एक खाद-बीज भंडार के मालिक पवन सिंह को गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे चार में से एक अपराधी भीड़ के हत्थे चढ़ गया, जिसे गुस्साई भीड़ ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैला दिया है।
जानकारी के मुताबिक, घायल पवन सिंह जगदीशपुर मोड़ पर खाद-बीज भंडार चलाते हैं। पवन पर उस समय हमला हुआ जब वह अपनी दुकान पर बैठे थे। दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने दुकान पर धावा बोला और पवन सिंह पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद पवन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग तुरंत हरकत में आए और भाग रहे अपराधियों में से एक को पकड़ लिया। पकड़े गए अपराधी की पहचान अभिषेक ठाकुर के रूप में हुई, जो कि गोपालगंज जिले के थावे थानाक्षेत्र के रामचंद्रपुर पंडित टोला गांव का निवासी था। गुस्साई भीड़ ने उसे पीट-पीट कर मार डाला।
वहीं, घायल दुकानदार पवन सिंह को तुरंत इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने अपराधी अभिषेक ठाकुर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और बाजार में दहशत फैल गई है। पिछले 48 घंटों में यह गोपालगंज जिले में गोलीबारी की चौथी घटना है, जिसने आम जनमानस में गहरी चिंता और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है।