लालू प्रसाद यादव मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में जाति आधारित जनगणना के बाद उठ रहे सवालों-मांगों पर राज्य की नीतीश कुमार सरकार कुछ साफ-साफ नहीं बोल रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सर्वदलीय बैठक के बाद बाकी बातों पर कुछ नहीं कहा। मंत्रिमंडल विस्तार पर कोई स्पष्ट बात नहीं हो रही है। इंडी एलायंस को लेकर कोई स्पष्ट बात सामने नहीं आ रही है। लोकसभा चुनाव में सीट बंटवारे का कोई प्लान सामने नहीं आ रहा है। इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने शनिवार की शाम मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की। जातीय जनगणना खत्म होने के बाद लालू दिल्ली भी गए तो चुप रहे। लौटे तो भी चुप। अब सीएम आवास से भी निकले तो चुपचाप बढ़ गए।
इससे पहले भी हुई हैं कई मुलाकातें
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 2 अक्टूबर को लालू प्रसाद यादव से मिलने गए थे। इसके बाद तीन अक्टूबर को लालू प्रसाद यादव राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के साथ लैंड फॉर जॉब स्कैम में पेश होने के लिए दिल्ली चले गए थे। जमानत मिलने के बाद 6 अक्टूबर को वह वापस पटना लौटे, जिसके बाद फिर 7 अक्टूबर (शनिवार) को लालू प्रसाद यादव मुख्यमंत्री से मिलने उनके आवास पर गये। इससे पहले राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव 27 सितंबर (गुरुवार) को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने सीएम आवास पहुंचे थे। नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारे में सरगर्मी बढ़ गई थी। लोगों में यह चर्चाएं होने लगी थी कि दोनों की यह मुलाक़ात लोकसभा चुनाव के लिए सीट शेयरिंग पर बातचीत के लिए हुई है। इस संबंध में राजनीतिक जानकारों का कहना है कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच पिछले कुछ दिनों से मुलाकात का सिलसिला काफी बढ़ गया है। ऐसे में दोनों की लगातार होने वाली मुलाकातों के कई मायने निकाले जा रहे हैं।