नालंदा के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
- फोटो : अमर उजाला
नालंदा के रहुई थाना क्षेत्र के सोसंदी गांव के पास मंगलवार को ग्रामीणों ने एक मजदूर के शव को बिहटा-सरमेरा टू-लेन सड़क पर रख जाम कर दिया। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतरकर शव का पोस्टमार्टम और मुआवजे की मांग करने लगे। मृतक की पहचान सोसन्दी गांव निवासी राज कुंडल पासवान के (35) वर्षीय पुत्र श्याम पासवान के रूप में की गई है। मृतक हरियाणा के रोहतक में रहकर आइसक्रीम फैक्ट्री में काम करता था। 15 दिन पूर्व ही वह घर से वापस काम के लिए रोहतक गया था।
शव को हरियाणा से बिहार भेजा
इधर, घटना के संबंध में मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा पिछले 20 वर्षों से आइसक्रीम फैक्ट्री रोहतक में काम करता था। वे अपने बेटे के शव को पोस्टमार्टम कराना चाहते हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके की उनके बेटे की मौत सड़क हादसे में हुई है या उसे मारा गया है। उन्होंने बताया कि 3 दिन से वह रोहतक में ही इलाजरत था, जब उसकी मौत हुई तो वहां से शव को एंबुलेंस के जरिये बिहार भेजा गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस
वहीं सड़क जाम की सूचना पर रहुई बीडीओ, सीओ एवं थानाध्यक्ष दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशितों को समझा बुझाकर मामलें को शांत करवाया। जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।