पटना में सार्वजनिक साधारण बीमा कंपनियों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शुक्रवार आठ अगस्त 2025 को अखिल भारतीय स्तर पर एक घंटे का कार्यालय बहिष्कार किया। यह विरोध ज्वॉइंट फोरम के आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसमें देशभर के कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान वेतन संशोधन, फैमिली पेंशन बढ़ोतरी और एनपीएस में योगदान वृद्धि जैसी मांगें रखीं।
अगस्त 2022 से लंबित है वेतन पुनरीक्षण
ज्वॉइंट फोरम ने बताया कि अगस्त 2022 से लंबित वेतन पुनरीक्षण पर न तो जीआईपीएसए (GIPSA) और न ही भारत सरकार के वित्त मंत्रालय ने कोई ठोस कदम उठाया है। इसके अलावा फैमिली पेंशन को वर्तमान 15% से बढ़ाकर 30% करने, एनपीएस में नियोक्ता का योगदान 10% से बढ़ाकर 14% करने और बीमा उद्योग में एफडीआई को 100% करने के निर्णय का विरोध भी इस आंदोलन का हिस्सा है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: रक्षाबंधन पर बिहार सरकार की सौगात, माताओं और बहनों को दो दिन मिलेगी मुफ्त बस यात्रा की सुविधा
पटना में नारेबाजी कर जताया आक्रोश
पटना शहर के हड़ताली अधिकारी और कर्मचारी नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय, सोन भवन, बिरचंद पटेल मार्ग पर एकत्र हुए। भोजन अवकाश के दौरान उन्होंने कार्यालय के मुख्य द्वार पर नारेबाजी की और अपनी मांगों को जोरदार तरीके से रखा। उपस्थित कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि यह केवल सांकेतिक हड़ताल है, लेकिन सरकार ने यदि समय रहते कोई ठोस पहल नहीं की, तो आंदोलन तेज होगा।
25 अगस्त को एक दिवसीय अखिल भारतीय हड़ताल की चेतावनी
ज्वॉइंट फोरम के बैनर तले एकजुट सभी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो 25 अगस्त 2025 को एक दिवसीय अखिल भारतीय हड़ताल की जाएगी। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और अब धैर्य की सीमा समाप्त हो रही है।
यह भी पढ़ें- Bihar News : रक्षा बंधन पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं को दी सौगात, बस का किराया किया फ्री