एडमिट कार्ड मांग को लेकर धरना करती हुई छात्राएं।
बिहार के मुजफ्फरपुर के चर्चित एमडीडीएम कॉलेज की छात्राओं ने एडमिट कार्ड नहीं मिलने से नाराज होकर सड़क जाम कर दिया। दरअसल, दो दिन बाद सोमवार से बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित स्नातक सत्र 2024-28 के पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा होनी है। इस परीक्षा का एडमिट कार्ड इन छात्राओं को नहीं मिला है। इसके बाद आक्रोशित छात्राओं ने शनिवार को एमडीडीएम कॉलेज के मुख्य द्वार के पास मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया।
सैकड़ों की संख्या में छात्राएं सड़क पर बैठकर विश्वविद्यालय प्रशासन और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ उग्र नारेबाजी कर रही हैं और अविलंब एडमिट कार्ड देने की मांग कर रही हैं। प्रदर्शन कर रही छात्राओं के अचानक सड़क पर बैठ जाने के कारण मिठनपुरा चौक और पानी टंकी रोड पर यातायात ठप हो गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और छात्राओं को समझा-बुझाकर सड़क खाली कराने का प्रयास कर रही है। इस दौरान छात्राएं अपनी मांगों पर अड़ी हुई हैं।
प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने कहा कि जब तक उन्हें एडमिट कार्ड देने की ठोस व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक वे आंदोलन समाप्त नहीं करेंगी। एडमिट कार्ड की मांग कर रही छात्राओं का कहना है कि परीक्षा में अब समय नहीं बचा है और ऐसे में बिना प्रवेश पत्र के वे परीक्षा में कैसे शामिल होंगी। इसके कारण उन्हें परीक्षा से वंचित होना पड़ सकता है।