मुजफ्फरपुर में एक नव विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत हो जाने के बाद शव को आनन-फानन में जलाए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना जिले के सकरा प्रखंड क्षेत्र के बरियारपुर थानाक्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि दहेज को लेकर मृतका के ससुराल वालों ने दबाव बनाया था। जब दहेज में दो लाख रुपये नहीं मिले तो उसकी हत्या कर दी गई। घटना को लेकर मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों और पति पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, निशा कुमारी (मृतका) की शादी बीते दो महीने पूर्व बरियारपुर थानाक्षेत्र निवासी जितेंद्र मुखिया नाम के युवक से बड़ी धूम-धाम से हुई थी। निशा के परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के ऊपर दो लाख रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि हालांकि शादी में बाइक और दहेज के लिए रुपये भी दिए गए, लेकिन फिर भी दहेज लोभी अपनी करतूत से बाज नहीं आ रहे थे।
इसी बीच आज निशा की हत्या कर उसके शव को जला दिया गया, जिसकी जानकारी ग्रामीणों द्वारा परिजनों को दी गई। वहीं, परिजन जब बेटी के ससुराल पहुंचे तो देखा कि निशा कुमारी की लाश जलाई जा चुकी है। लेकिन इसकी जानकारी मृतका के परिजनों को नहीं दी गई। इसे लेकर मृतका के सभी परिजनों ने बरियारपुर थानाक्षेत्र में ससुराल पक्ष के लोग और पति पर हत्या किए जाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज करवाई है।
पूरे मामले में बरियारपुर थाना एसएचओ चांदनी कुमारी सांवरिया ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई थी कि थानाक्षेत्र में एक नव विवाहिता जिसकी शादी दो महीने पूर्व हुई थी। उसकी मौत के बाद बिना पुलिस को सूचना दिए शव को जलाया गया है। मायके वालों ने हत्या किए जाने की शिकायत दर्ज कराए जाने के लिए आवेदन दिया है। पति और पत्नी के बीच में भी विवाद की जानकारी मिली है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। वहीं, दहेज को लेकर दबाव बनाए जाने की भी बात मृतका के परिजनों द्वारा कही गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।