चुनावी कार्यक्रम में पूर्व सीएम जीतन मांझी और एनडीए प्रत्याशी राधामोहन सिंह
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के पूर्वी चंपारण लोकसभा से एनडीए उम्मीदवार राधामोहन सिंह ने शनिवार को मोतिहारी में चुनाव प्रचार के लिए विजय संकल्प सभा आयोजित की। इस सभा में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी भी शामिल हुए।
इस दौरान पूर्व सीएम मांझी ने सभा को संबोधित करते हुए एनडीए उम्मीदवार राधामोहन सिंह के पक्ष में वोट करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आप राधामोहन सिंह को वोट नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी को वोट कर रहे हैं। इसलिए तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए राधामोहन सिंह को वोट करना है।
‘डबल इंजन की सरकार से विकास होगा’
पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने प्रधानमंत्री का पटना में हो रहे रोड शो पर कहा कि प्रधानमंत्री बिहार को इतना प्यार देते हैं, इसीलिए वह लगातार बिहार आ रहे हैं। बिहार में डबल इंजन की सरकार आएगी तो बिहार का विकास होगा। बिहार के तीन चरण में एनडीए की बढ़त है। बिहार की सभी सीट पर एनडीए चुनाव जीत रही है। बिहार में एनडीए बयार नहीं अंधी चल रही है।
‘पुजारी की गलती पर मंदिर को न तोड़ें’
वहीं, एनडीए उम्मीदवार राधामोहन सिंह कहा कि मेरा सौभाग्य है कि हम एक ही पार्टी से एक ही क्षेत्र से दस बार चुनाव लड़े। जनता की कृपा से छह बार सदन में जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। फिर से एक बार आप सभी के आशीर्वाद से चुनावी मैदान में हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों के भगवान है और हम उनके पुजारी हैं। अगर पुजारी से किसी तरह की गलती हो जाती है तो क्या भगवान के मंदिर को तोड़ दीजिएगा। इसलिए हो सकता है कि पुजारी से कोई गलती हुई होगी, माफ कर दीजिएगा। ध्यान रहे पुजारी की गलती की सजा भगवान के मंदिर को तोड़ना नहीं है।