अस्पताल में पहुंचे मृतका के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बेगूसराय में पानी भरे गड्ढे में स्नान करने के दौरान चार लड़कियां डूब गईं। उनमें से तीन लड़कियों को स्थानीय लोगों ने किसी तरह पानी भरे गड्ढे से निकाल कर उनकी जान बचाई। जबकि एक लड़की की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना परिहारा थाना क्षेत्र के बहुआरा स्थित सांखू गिदार चौड़ बहियार के पास की है। मृत लड़की की पहचान सांखू गांव के वार्ड नंबर-2 निवासी ज्ञानचंद तांती की राधा कुमारी (16) के रूप में की गई है।
परिजनों ने बताया है कि आज राधा कुमारी घर से चार लड़कियों के साथ चौड़ बहियार में पानी भरे गड्ढे में स्नान करने के लिए गई थी। स्नान करने के दौरान पैर फिसल जाने के कारण चारों लड़कियां डूबने लगीं। वहीं, स्थानीय लोग चारों लड़कियों को डूबता देख उन्हें बचाने के लिए पानी भरे गड्ढे में कूद गए। इसके बाद तीन लड़कियों को किसी तरह पानी से निकाल कर उनकी जान बचा ली। जबकि राधा कुमारी की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना परिहारा थाना पुलिस को दी।
सूचना के बाद परिहारा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। परिहार थाना प्रभारी ने बताया कि पानी भरे गड्ढे में स्नान करने के दौरान एक लड़की की मौत हो गई है। उन्होंने बताया है कि चार लड़कियां मिलकर पानी भरे गड्ढे में स्नान करने के लिए गईं थी। उनमें से तीन लड़कियों को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। जबकि राधा कुमारी को बचा नहीं सके और उसकी डूबने से मौत हो गई।