बिहार के मधुबनी में 22 साल के पत्रकार के सड़क किनारे शव मिलने से सनसनी फैल गई। इधर पुलिस ने इसे प्रेम प्रसंग का मामला बताया है। एक नर्स समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मृतक अविनाश झा पिछले एक सप्ताह से लापता थे। अविनाश ने पिछले दिनों फर्जी मेडिकल क्लिनिक को लेकर फेसबुक पर पोस्ट लिखी थी। इसके बाद वो लापता थे। 12 नवंबर को उनका शव सड़क किनारे मिला। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बेनीपट्टी एसडीपीओ अरुण कुमार सिंह ने रविवार शाम मधुबनी में जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया। उन्होंने बताया कि अविनाश झा हत्याकांड में अरेर थाना क्षेत्र के अतरौली की पूर्णकला देवी, बेनीपट्टी के रोशन कुमार साह, बिट्टू कुमार पंडित, दीपक कुमार पंडित, पवन कुमार पंडित व मनीष कुमार को गिरफ्तार किया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। हत्या मामले में पुलिस प्रेम प्रसंग और नर्सिंग होम संचालकों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में पहले पूर्णकला देवी को गिरफ्तार किया गया। वह बेनीपट्टी के एक नर्सिंग होम में नर्स है। मृतक के मोबाइल नंबर की जांच से पता चला कि नौ नवंबर की रात अविनाश झा के लापता होने से पहले पूर्णकला देवी से उसकी अंतिम बार बात हुई थी। पूछताछ में महिला ने बताया कि उस दिन रात करीब सवा दस बजे अविनाश शहर के एक निजी नर्सिंग होम में आए थे। इसी दौरान उससे मुलाकात हुई। दोनों जब वहां से बाहर निकले तो पूर्व से घात लगाए पांच अपराधियों ने अविनाश झा को पकड़ लिया और बेनीपट्टी उच्च विद्यालय रोड की ओर ले गए। बाद में तीसरे दिन 12 नवंबर को अविनाश का शव बरामद हुआ।