काराकाट संसदीय क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी और भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने अपना नामांकन शपथ पत्र दाखिल किया है। अपने नामांकन पत्र के अनुसार सिने स्टार पवन सिंह 11.7 करोड़ के मालिक है। उनके द्वारा दिए गये आंकड़ों के अनुसार उनके पास कुल 11 करोड़ 70 लाख 50 हजार की चल और अचल संपत्ति है। पवन सिंह के पास लगभग एक करोड़ की चार गाड़ियां है, जिसमें एक स्कूटी भी शामिल हैं। आवास को लेकर दी गई जानकारी के अनुसार एक फ्लैट लखनऊ और 4 फ्लैट मुंबई में है। इसकी कुल कीमत 5 करोड़ है। इसके अलावे पटना और आरा में 1 करोड़ की जमीन है। पवन सिंह के पास 350 ग्राम सोना है। साथ ही वह पोखराज पत्थर की एक अंगूठी भी पहनते हैं।
लोन का भी किया जिक्र
पवन सिंह ने नामांकन पत्र में लोन लेने का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया है कि मुंबई स्थित आईसीआईसीआई बैंक में उनके 50–50 लाख रुपए के दो लोन यानी पवन सिंह ने खुद पर एक करोड़ रुपये का लोन लेने की बात कही है। उनके द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक पवन सिंह के पास मुंबई के चार आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और बिहार के डेहरी में बैंक अकाउंट है, जिसमें 2 करोड़ 60 लाख 10237 रुपए हैं।
कानूनी अड़चने भी हैं
पवन सिंह ने नामांकन पत्र में जिक्र करते हुए बताया कि उनपर शारीरिक शोषण और आचार संहिता उल्लंघन समेत कुल सात मामले दर्ज हैं। रोहतास जिले में रैली के दौरान आचार संहिता उल्लंघन के मामले में एक ही दिन पांच अलग अलग थाना क्षेत्रों में कुल पांच मामले दर्ज हुए थे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के बलिया कोर्ट में भरण पोषण का मामला चल रहा है। मुंबई सिटी के सिविल कोर्ट में शारीरिक शोषण और सोशल मीडिया से जुड़ा मामला चल रहा है। पवन सिंह के नामांकन शपथ पत्र दाखिल करने के क्रम में उनके समर्थकों की काफी भीड़ थी।