पंचायती राज मंत्री केदार गुप्ता ने पंचायत सरकार भवन का किया निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने मंगलवार को मधेपुरा के मुरलीगंज प्रखंड अंतर्गत पड़वा नवटोल पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पंचायत के मुखिया के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक की। मंत्री ने कहा कि पंचायत सरकार भवन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी योजना है। उनका हमेशा से रहा है कि गांव के लोगों का खुद का सरकार हो। जनता को उनके घर तक सरकार हम बना दें। गांधी जी के सपने को साकार करने के लिए पंचायती राज व्यवस्था के तहत गांव के विकास के लिए काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी के तहत बिहार के प्रत्येक पंचायत में पंचायत सरकार भवन बनाया जा रहा है। पूरे बिहार में अभी तक लगभग 1,400 से ऊपर पंचायत सरकार भवन बनकर तैयार हो चुके हैं। लगभग 2,000 से ऊपर पंचायत सरकार भवन निर्माण का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि शेष पंचायत सरकार भवन 2025 से पहले बन जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य यही है कि गांव के लोगों को गांव में ही सरकार की सुविधा आसानी से मिले। लोगों को आय प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र समेत अन्य कोई भी काम जिसके लिए लोगों को प्रखंड कार्यालय जाना पड़ता था, वह अब पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध हो रहा है।
मंत्री ने कहा कि पड़वा नवटोल पंचायत सरकार भवन निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि बिहार में जितने भी पंचायत सरकार भवन बने हैं, सभी में इसी तरह कर्मचारी नियमित रूप से उपलब्ध रहें। ताकि आम लोगों को काम के लिए भटकना न पड़े। इस दौरान मुखिया संघ की ओर से मांग की गई कि कबीर अंत्येष्टि के तहत पंचायत को राशि उपलब्ध करवाई जाए।