घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोग, गुस्साए लोगों ने ट्रक को फूंका
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मधेपुरा के भटगामा-उदाकिशनगंज मुख्य मार्ग पर रविवार की रात करीब साढ़े 10 बजे हाइवा ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने हाइवा ट्रक में आग लगा दी। सूचना पर मौके पर पहुंची चौसा थाना पुलिस ने लोगों को समझाकर मामले को शांत करवाया। मृतक की पहचान चौसा पूर्वी पंचायत के अभिया टोला निवासी प्रमोद मंडल के बेटे राजीव कुमार (28) के तौर पर की गई है।
परिजनों ने बताया कि रविवार की रात राजीव बाइक से अपने ससुराल आलमनगर थाना क्षेत्र के लूटना गंगापुर जा रहा था। रास्ते में भटगामा- उदाकिशुनगंज मुख्य मार्ग पर मुरली चौक के पास एक हाइवा ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके बाद स्थानीय लोग और पुलिस की मदद से घायल युवक को चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन जब तक उसे लेकर भागलपुर के मायागंज अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि कि राजीव बिजली मिस्त्री का काम करता था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। चौसा थानाध्यक्ष मुमताज अंसारी ने बताया कि रोड एक्सीडेंट में घायल युवक को पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी ने अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।