मधेपुरा जिले के जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इंटर्नशिप के लिए आए छात्रों के साथ मारपीट मामले में 21 छात्रों को 15 दिनों के लिए कक्षा एवं हॉस्टल से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार ने पत्र जारी कर दिया है। निलंबन अवधि में संस्थान में आने जाने पर आर्थिक दंड के रूप में 15 हजार रुपये जुर्माना देना होगा।
बता दें कि 15 दिनों के उपरांत अपने-अपने अभिभावक के साथ अधोहस्ताक्षरी के समक्ष उपस्थित होकर भविष्य में अनुशासन का पालन करने, इस प्रकार के कृत्य की पुनरावृत्ति नहीं करने और नियम के विरुद्ध किसी भी प्रकार का कार्य नहीं करने संबंधी बॉन्ड भरना होगा। यदि इस आदेश की अवहेलना की जाती है या आचरण में कोई सुधार नहीं लाई जाती है तो निलंबन की तिथि में विस्तार करते हुए आर्थिक दंड के साथ-साथ अनुशासनिक कार्रवाई भी की जाएगी।
मारपीट मामले में इंटर्नशिप के छात्र शुभम सिंह के आवेदन पर सिंहेश्वर थाना में केस दर्ज किया गया है। आवेदन में शुभम सिंह ने कहा है कि वे लोग इंटर्नशिप के लिए बीसीएमआर पटना के निर्देशानुसार जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आए और कॉलेज के प्राचार्य और अधीक्षक के निर्देश पर आवंटित आवास में रहते हुए अपने कार्य में योगदान दे रहे हैं। मंगलवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे अचानक 2020 सत्र के छात्रों ने हिंसक हमला कर दिया। सभी डॉक्टरों के कमरे में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की।
इस दौरान महिला इंटर्न के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। इस घटना की जानकारी प्राचार्य को दी गई। उधर, जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्राचार्य दिनेश प्रसाद ने कहा कि घटना को लेकर उन्होंने ही डायल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। दोनों पक्ष के साथ बैठक की गई है। सभी समस्या का समाधान किया जाएगा।
सिंहेश्वर थानाध्यक्ष वीरेंद्र राम ने बताया कि आवेदन के आधार पर केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज और छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ इस घटना से मेडिकल कॉलेज अस्पताल की शैक्षणिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगा है। हॉस्टल और कक्षा से निलंबित होने वाले छात्रों में 2020 बच के शिवम पांडे, सतीश कुमार, दीपक गुप्ता, आदित्य राज, जीतू कुमार, सुशील कुमार, गुंजन कुमार, इमाम मोहम्मद, उद्देश्य कुमार, आयुष कुमार सनी कुमार, विशाल कुमार, नसीम अटारी, सत्यम कुमार, कुंदन कुमार सौरभ, कुमार प्रदुम कुमार, सचिन कुमार, महेश कुमार, अक्षय कुमार और जमन मुशर्रफ शामिल हैं।