घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
औरंगाबाद के गोह थाना क्षेत्र में दुल्ला बिगहा मुख्य सड़क पर रविवार की दोपहर एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने बाइक सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक को करीब 50 गज तक घसीटते हुए पिकअप वैन खेत में जा पलटी। मृतक की पहचान लखीसराय जिले के पुरानी बाजार निवासी दिवंगत राजेंद्र प्रसाद के 50 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार के रूप में हुई है। वे अपने परिवार के साथ गया में रहते थे और एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।
बाला बिगहा गांव जाने के दौरान रास्ते में हुआ हादसा
मृतक के बड़े भाई दुर्जय कुमार ने बताया कि रंजीत कुमार किसी आवश्यक कार्य को लेकर गोह प्रखंड के बाला बिगहा गांव में अपने मामा के यहां जा रहे थे। जैसे ही वे दुल्ला बिगहा नहर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रहे पिकअप वैन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और वैन उसे घसीटते हुए सड़क से खेत तक ले गई। रंजीत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- Bihar News: पुरानी रंजिश और जमीन विवाद ने लिया हिंसक मोड़, दो पक्षों के बीच मारपीट में 13 लोग घायल; छह गंभीर
हादसे में बाइक के परखच्चे उड़े
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने गोह थाना को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया। थानाध्यक्ष मो. इरशाद ने बताया कि पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। टक्कर किन कारणों से हुई, क्या तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग या लापरवाही, सभी बिंदुओं पर पुलिस छानबीन कर रही है।
परिवार में मचा कोहराम, बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल
जैसे ही रंजीत कुमार की मौत की खबर उनके परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी शर्मिला कुमारी, पुत्र सक्षम कुमार और चैतन्य कुमार का रो-रो कर बुरा हाल है। बड़े भाई दुर्जय कुमार ने बताया कि रंजीत परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे।
यह भी पढ़ें- Crime: राज्यरानी एक्सप्रेस में सक्रिय गिरोह के 3 स्नैचर बेगूसराय स्टेशन से गिरफ्तार, सोने के जेवर-मोबाइल बरामद