डाकघर से 3.50 लाख रुपये गबन करने का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
शहर के होरीलगंज के रहने वाले अशोक केसरी ने मुख्य डाकघर में अपने खाते से 3.50 लाख रुपए निकालने के लिए काउंटर पर पहुंचे। काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों के द्वारा विड्रोल फार्म भी भराया गया। फॉर्म भरने के बाद उसपर हस्ताक्षर भी कराया गया। इस दौरान कैशियर द्वारा बताया गया कि अभी इतना रुपया काउंटर पर नहीं है, 3 बजे काउंटर पर आकर पैसा दे दिया जाएगा। जिसके बाद युवक अपनी पासबुक और पैसे निकासी फॉर्म कैशियर के पास ही छोड़कर अपने घर चला गया।
कुछ ही देर बाद खाताधारक के मोबाइल पर पैसा निकल जाने का मैसेज आया तो वो डाकघर पहुंचा। जैसे ही काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों से पैसे की मांग थी तो उन्होंने कहा कि आपका पैसा एवं पासबुक मैंने काउंटर पर मौजूद किसी व्यक्ति को दिया और पैसा भी विड्रोल कर दिया गया।
कर्मचारी और पीड़ित युवक में तीखी बहस
इस बात को लेकर काउंटर पर मौजूद कर्मचारी एवं पीड़ित अशोक केसरी के बीच काफी देर तक बहस हुई। देखते ही देखते पोस्ट ऑफिस के प्रांगण में भीड़ लग गई। इस संबंध में पीड़ित के सहयोगी शैलेश कुमार यादव ने बताया कि अशोक केसरी का 3.50 लाख रुपया पोस्ट ऑफिस के मिली भगत से गबन कर लिया गया है, इस संबंध में नगर थाना में लिखित आवेदन भी पीड़ित के द्वारा दिया गया है। वहीं, पोस्ट ऑफिस के अधीक्षक ने बताया कि पोस्ट ऑफिस का सीसीटीवी कैमरा पिछले दो-तीन दिनों से खराब है, जिसके कारण पैसा किस व्यक्ति को मिला है इसका पता नहीं चल सका है। फिलहाल पोस्ट ऑफिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पैसा किसे दिया गया है यह पता लगाने में डटी हुई है।