दरभंगा जिले के नगर थानाक्षेत्र में हसनचौक दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों द्वारा जबरन चंदा मांगने और विरोध करने पर एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और उपद्रवियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पूजा समिति के सदस्य चौधरी दिव्यांशु के घर जबरन 1,100 रुपये का चंदा मांगने पहुंचे थे। दिव्यांशु ने जब यह राशि देने में असमर्थता जताई, तो समिति के एक सदस्य ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद अन्य सदस्य भी मारपीट में शामिल हो गए, जिससे दिव्यांशु के सिर पर गंभीर चोटें आईं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि समिति के सदस्य दिव्यांशु को बेरहमी से पीट रहे हैं और फिर धमकी देते हुए मौके से भाग जाते हैं।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोग समिति की जबरन चंदा वसूली और मनमानी पर नाराजगी जता रहे हैं। सदर डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया है और वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पीड़ित दिव्यांशु द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान होते ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
सदर डीएसपी ने दुर्गा पूजा समितियों से अपील की है कि वे किसी से जबरदस्ती चंदा वसूलने का प्रयास न करें। अगर इस तरह की कोई शिकायत मिली, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।