बिहार के गया जिले में डायरिया के कारण दो बच्चे समेत तीन की मौत हो गई है, जबकि करीब 50 अन्य गंभीर रूप से बीमार हैं। संबंधित डॉक्टर ने बताया कि बोधगया थाना क्षेत्र के मंझौली गांव में डायरिया के प्रकोप के कारण 7-10 साल की उम्र के दो बच्चों की मौत हो गई। साथ ग्रामीण नरेश यादव की पत्नी की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, बोधगया प्रखंड के मंझौली गांव में डायरिया फैलने से गांव में दहशत व्याप्त है। बीते दो दिनों में दो बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं 50 से अधिक लोग डायरिया की चपेट में आ गए। दस्त और उल्टी की शिकायत पर ग्रामीण आसपास के निजी क्लीनिक में इलाज करा रहे है। वहीं बोधगया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मेडिकल की टीम गांव पहुंची है। जहां चिकित्सकों की टीम कैंप कर रही है। उक्त टीम बीमार लोगों का इलाज कर रही है। हालांकि जिले के जिम्मेदार सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार को इस बात की जानकारी नहीं है। पूछे जाने पर उन्होंने कहा जानकारी नहीं है। जानकारी ली जा रही है।