बिहार के कई जिलों में गर्म हवा चल रही है। लोग गर्मी से परेशान हैं। पारा झुलसाने लगा है। भोजपुर में युवक की लाश मिली है। परिजनों का कहना है कि युवक तेज धूप में काम करने के लिए खेत गया था। वापस नहीं लौटा। लू लगने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, डॉक्टर मौत का कारण स्पष्ट नहीं कर रहे। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
घटना भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दूधघाट गांव में शनिवार की सुबह एक दिन पूर्व घर से निकले युवक का शव बरामद हुआ। उसका शव गांव में ही स्थित बधार से शनिवार की सुबह बरामद हुआ है। मृतक की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के दूधघाट गांव निवासी जंगली बिंद का 40 वर्षीय पुत्र संजय बिंद के रूप में हुई। छोटे भाई कुंदन बिंद ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब ग्यारह बजे घर से खेत में जाने के लिए निकला था। खेत में जाने के बाद पूरा दिन खेत में ही था। परिजनों ने दावा किया कि लू लगने के कारण वह बधार में गिर गए। काफी रात हो जाने के बाद परिजनों ने सोचा कि वह घर पर आकर सो गया होगा। इसी बीच शनिवार की सुबह जब स्थानीय ग्रामीण बधार की ओर गए तो उन्होंने संजय का शव को वहां पड़ा देखा। इसके बाद उनके द्वारा इसकी सूचना उनके परिजनों को दी गई।
42 डिग्री तक पहुंच गया पारा
इधर, सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची और शव अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया। सदर अस्पताल के डॉक्टर का कहना है कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो हुआ है, हालांकि परिजन लू लगने की बात कह रहे हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। वहीं आरा शहर में लगातार गर्म हवा चल रही है। जिले में शनिवार को 42 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।
गर्मी और लू से ऐसे करें बचाव
इस खबर से सभी लोगों अलर्ट हो जाना चाहिए। तेज धूप में निकलने से बचना चाहिए। अगर निकलते ही हैं तो 10 मिनट पहले पर्याप्त पानी पी लें। डॉक्टरों का कहना है कि दोपहर 12 से 3 बजे तक घर से बाहर न जाएं। दही और सत्तू खाएं। जरूरी काम से जाना पड़े तो सिर पर गमछा, टोपी या छाता लगाएं। गीले कपड़े को अपने चेहरे, सिर व गर्दन पर रखें, अधिक श्रम से बचें। जितनी बार हो सके पानी पीएं, प्यास न लगे तो भी पानी पीते रहें। गर्मी से बचाव के लिए लोग सतर्क रहें। तापमान बढ़ रहा है। शरीर में पानी की कमी हो सकती है।